गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को अनामिका एन्क्लेव में अवैध निर्माणों को ध्वस्त व सील कर दिया। मंगलवार को सहायक अभियंता आरके मोंगिया, कनिष्ठ अभियंता प्रदीप शर्मा, रोहित, अंकित कपूर व वरुण वशिष्ठ की टीम बुलडोजर लेकर अनामिका एन्क्लेव पहुंची। इस संबंध में संयुक्त आयुक्त द्वारा पहले ही निर्देश जारी किए गए थे, जिसके अनुपालन में नगर निगम की ओर से त्वरित व आवश्यक कदम उठाए गए। यह कार्रवाई पुलिस बल की सहायता से पूरी की गई, जिसमें सार्वजनिक सुरक्षा प्रोटोकॉल और सभी कानूनी प्रावधानों का पूर्णत: पालन सुनिश्चित किया गया। कार्रवाई के दौरान 32 फ्लैटों वाली बिल्डिंग के कुछ हिस्सों को तोड़ने के साथ ही सील भी किया गया। सहायक अभियंता आरके मोंगिया ने स्पष्ट किया कि शहर में किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। ब्यूरो