गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-2 थाना पुलिस ने एटीएम से छेड़छाड़ कर नकदी चुराने का प्रयास करने वाले आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी से वारदात में प्रयोग किया गया पेचकश व डेबिट कार्ड बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पलवल के जलालपुर गांव निवासी हाकमीन के रूप में हुई है। बुधवार को डीएलएफ फेज-2 थाने में एक निजी सुरक्षा कंपनी के पदाधिकारी ने दी शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी की सुरक्षा ड्यूटी इंडसइंड बैंक के एटीएम, एबीडब्ल्यू टावर (इफको चौक) पर लगी हुई है। उनको 2 जून को सूचना मिली कि एक व्यक्ति एटीएम के साथ छेड़छाड़ करके नकदी निकालने का प्रयास कर रहा है। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी 31 मई को भी इसी एटीएम से छेड़छाड़ कर 20 हजार रुपये निकाल ले गया था। जब आरोपी दोबारा एटीएम से नकदी निकालने के लिए आया तो भवन के सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर ही पकड़ लिया। शिकायत के आधार पर डीएलएफ फेज-2 थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की। संवाद