गुरुग्राम। ओएलएक्स पर विज्ञापन देकर खरीददारों को लूटने वाले गिरोह के एक आरोपी को अपराध शाखा सोहना ने इंद्री मोड़ से काबू किया है। आरोपी की पहचान नूंह के गांव झिमरावट निवासी अजमाइन उर्फ सरफराज के रूप में हुई। आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी के अन्य साथियों का पता लगाएगी। अपराध शाखा सोहना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र रावल ने बताया कि 10 अप्रैल 2018 को बिहार निवासी प्रदीप कुमार गुप्ता ने सोहना शहर थाना पुलिस को शिकायत दी थी कि वह अपने लिए सात सीटर गाड़ी की ओएलएक्स पर तलाश कर रहे थे। उन्हें एक स्कॉरपियो गाड़ी पसंद आ गई। गाड़ी मालिक से फोन पर बात कर 6.20 लाख रुपये में सौदा तय कर लिया। इसके बाद वह अपने दोस्त राकेश कुमार चौधरी के साथ ट्रेन से दिल्ली पहुंचे और संपर्क किया। वाहन मालिक ने प्रदीप व उसके दोस्त को पहले राजस्थान के तिजारा बुलवाया और बाद में उन्हें सोहना आने के लिए कहा। सोहना पहुंचने पर आरोपियों ने उन्हें गाड़ी से अपने कार्यालय बुलवाया। गाड़ी में बैठने से पहले उन्होंने नंबर की फोटो खींचकर अपने भाई को व्हाट्सएप कर दी थी। जैसे ही वह चले तो गाड़ी में सवार चार लोगों ने उनके साथ मारपीट कर 3.60 लाख रुपये व मोबाइल छीन लिया। आरोपियों ने उन्हें देसी कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।