गुरुग्राम। अवैध वसूली के लिए अपहरण करने की वारदात को अंजाम देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी सोनू उर्फ अक्की को नया गांव से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में लिया है। पिछले 15 मई को वरुण कुमार नामक युवक ने सेक्टर-53 थाने में मामले की शिकायत दी थी। शिकायत में बताया कि उसके गांव के ही सचिन पुत्र मन्नालाल व सचिन पुत्र झाबरमल के साथ यह अपनी दुकान माया कॉर्नर सेक्टर-53 पर मौजूद था। इसी दौरान दुकान पर कृष्ण, गांव सुंदरपुरा, अलवर, सोनू उर्फ अक्की गांव नयागांव, गुरुग्राम व कमल निवासी कोटपुतली, राजस्थान आए और मारपीट करने लगे। इसके बाद आरोपियों ने उससे हफ्ता वसूली के 30,000 रुपये मांगे, जिसे वरुण ने देने के मना कर दिया। इसके बाद आरोपी पीड़ित को मोटरसाइकिल पर बिठाकर नयागांव ले गए। यहां पर आरोपियों ने वरुण के साथ दोबारा मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। बाद में किसी तरह वरुण आरोपियों से बचकर वापस दुकान पर लौटा तो देखा कि मोबाइल व सारे पैसे गायब थे।