गुरुग्राम। अपराध शाखा फर्रुखनगर पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में एक आरोपी को रविवार को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नूंह के जमालगढ़ गांव निवासी अजरुद्दीन के रूप में हुई। जबकि एक अन्य आरोपी वसीम अभी अस्पताल में उपचाराधीन है। शनिवार को अजरुद्दीन व उसका साथी वसीम चोरी की बाइक पर सवार होकर केएमपी एक्सप्रेसवे पर जा रहे थे। केएमपी पर मौजूद पुलिस टीम को देखकर दोनों आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने का प्रयास किया और एक्सप्रेसवे से नीचे कूद गए। इससे अजरुद्दीन के दांये पैर में फ्रैक्चर हो गया और वसीम के हाथ में चोट लग गई। दोनों को उपचार के लिए सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। पूछताछ में आरोपी ने गुरुग्राम में बाइक चोरी की दो अन्य वारदातों को भी अंजाम देने का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपी से चोरी की तीन बाइक भी बरामद की हैं। आरोपी अजरुद्दीन का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि उसके खिलाफ चोरी करने, चोरीशुदा संपत्ति रखने, पुलिस कार्य में बाधा डालने, हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत 27 मामले गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, रेवाड़ी, पलवल व झज्जर में पहले भी दर्ज हैं।