मानेसर। नगर निगम मानेसर के संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार ने निगम क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सफाई अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। बैठक में सफाई निरीक्षकों और सहायक सफाई निरीक्षकों को स्वच्छता अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए। संयुक्त आयुक्त ने कहा कि यदि किसी खाली प्लॉट में कचरा मिला तो संबंधित प्लॉट मालिक को नोटिस भेजा जाएगा और नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। कचरा फेंकने में इस्तेमाल होने वाले वाहनों को भी जब्त किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाए। संवाद