पटौदी। हेलीमंडी क्षेत्र की परशुराम कॉलोनी टोडापुर में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गया। वार्ड नंबर-3 निवासी नितिन कुमार ने हेलीमंडी चौकी में दी शिकायत में बताया कि उनके घर के नीचे परचून की दुकान है, जबकि ऊपर वे परिवार के साथ रहते हैं। 23 अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे वह दुकान बंद कर पटौदी सामान लेने गए थे।कुछ समय बाद जब वह लौटे तो रसोई और कमरों के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था और उसमें रखा गहनों से भरा बैग गायब था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पटौदी थाना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। संवाद