सोहना। स्वास्थ्य विभाग ने सुस्त पड़े एचपीवी टीकाकरण अभियान को गति देने की ठान ली है। इसके लिए विभाग जागरूकता अभियान चलाकर किशोरियों को प्रेरित करेगा। अस्पताल प्रशासन पहले चरण में कुल 170 किशोरियों के टीकाकरण लक्ष्य को पूरा करने का प्रयास करेगा। अभी तक मात्र 29 किशोरियों का टीकाकरण किया गया है। केंद्र सरकार द्वारा गत दिन में 14 से 15 वर्ष तक की किशोरियों को स्तन व बच्चेदानी में जानलेवा कैंसर की बीमारी से सुरक्षित करने के लिए एचपीवी टीकाकरण की शुरुआत की थी। इसको सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरे जोरशोर से जुटा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग योजना को सफल बनाने के लिए परिषद क्षेत्र में राजकीय मध्य विद्यालय, माध्यमिक विद्यालय व वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पहुंचकर छात्राओं को जागरूक करेगा। नागरिक अस्पताल की एसएमओ डॉ. नीरू यादव बताती हैं कि टीकाकरण योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए कोई भी कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी, जिसके लिए किशोरियों व अभिभावकों को जागरूक किया जा रहा है।संवाद