आईटी एक्ट व धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर थाना ईस्ट के क्षेत्र में ई-कॉमर्स कंपनी के नाम पर कैश बैक का प्रलोभन देकर युवती से 9.70 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। मामले की छानबीन के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-52 के अंसल सुशांत एस्टेट में रहने वाली आकांक्षा जैन ने शिकायत में कहा कि उसके पास एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर संदेश आया। जिसमें उसे बताया गया कि ई-कॉमर्स कंपनी द्वारा कैश बैक ऑफर दिया जा रहा है। इसमें उन्हें कुछ प्रोडक्ट कार्ट में जोड़ने होंगे। इसके लिए एक लिंक भी दिया गया था।
लिंक के जरिए जब वह कंपनी की वेबसाइट पर गई और उसमें कुछ प्रोडक्ट जोड़ा तो 160 रुपये का कैश बैक दिखाया गया। यह रुपये क्लेम करने के लिए उन्हें एक कूपन कोड दिया गया। इसके बाद उन्हें एक ग्रुप में जोड़ दिया गया। जिसमें करीब 500 सदस्य पहले से ही मौजूद थे। उस ग्रुप को नेहा नामक युवती चला रही थी।
आकांक्षा को कैश बैक को पाने के लिए कुछ टास्क दिए गए। वहीं ग्रुप में दिए गए टास्क के माध्यम से उसे कुछ रुपए निवेश करने को कहा गया। जिस पर शुरुआत में पीड़िता ने एक हजार रुपए निवेश किए। बाद में ठगों द्वारा उसे झांसे में लेकर लगातार रुपये ट्रांसफर कराए जाने लगे। ऐसे करते-करते आरोपियों द्वारा उनसे करीब 9.70 लाख रुपये ठग लिए गए।