पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, मुनाफ का देते थे लालच
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर क्राइम वेस्ट थाना पुलिस की टीम ने देश भर में 34.79 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने 96 लोगों को शेयर मार्केट में निवेश करवाकर धोखाधड़ी करके ठगी की वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों को अलग-अलग मामले में गिरफ्तार कर उनके पास से बरामद मोबाइल व सिमकार्ड की जांच रिपोर्ट के बाद इसका खुलासा किया है।
एसीपी प्रियांशु दीवान के अनुसार इन तीनों आरोपियों को साइबर टेस्ट थाना की टीम ने अलग-अलग मामले में गिरफ्तार किया है। इन ठगों ने 20 दिन पहले वेस्ट जोन में दो लोगों को अपना शिकार बनाया था। पीड़ित लोगों को शेयर बाजार में निवेश के नाम पर मुनाफा दिलाने का लालच दिया था। पुलिस ने जिस आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनकी पहचान वसीम अहमद, मोहम्मद असीम खान व सुशील कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से बरामद मोबाइल के डाटा का अवलोकन कराया तो सामने आया कि इन्होंने देशभर में लगभग 34 लाख 79 हजार रुपये की ठगी की। इन पर कुल 96 शिकायतें और 5 केस दर्ज हैं। जिनमें से दो केस हरियाणा के साइबर क्राइम वेस्ट थाना में दर्ज है।
वर्जन
साइबर ठगी में तीनों आरोपियों को अलग-अलग मामले में गिरफ्तार किया है। इनके पास मिले मोबाइल की जांच रिपोर्ट के बाद इसका खुलासा हुआ है। - प्रियांशु दीवान, एसीपी साइबर, गुरुग्राम।
साइबर ठगी से बचने के उपाय
: किसी अनचाहे लिंक को क्लिक करने से बचे।
: गूगल पर आने वाला हर नंबर सही नहीं होता।
: अपना पासवर्ड किसी को न बताएं।
: किसी भी संदिग्ध का फोन आने पर पुलिस को तत्काल सूचना दें।
: ठगी पर साइबर पुलिस की ओर से जारी नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं।