गुरुग्राम। जालसाज ने स्टॉक मार्केट में निवेश करके रुपये कमाने का झांसा देकर एक युवक से 95 हजार रुपये की ठगी कर ली। जालसाज ने टेलीग्राम के माध्यम से पीड़ित से संपर्क किया था। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ साइबर अपराध थाना मानेसर में धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। सेक्टर-79 निवासी कार्तिक कत्याल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीते जनवरी माह में टेलीग्राम के माध्यम से एक युवक से स्टॉक मार्केट में निवेश के बारे में बातचीत हुई। इसके बाद कार्तिक से व्हाट्सएप पर कॉल करके संपर्क किया गया। कॉल करने वाले ने कार्तिक को स्टॉक मार्केट में निवेश करके अच्छा मुनाफा कमाने का लालच दिया और व्हाट्सएप पर यूपीआई भेजी। जालसाज युवक की बातों के झांसे में आकर कार्तिक ने 10 फरवरी को 95 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जब 30 फीसदी के हिसाब से और रुपये जमा कराने के लिए कार्तिक को कहा गया। ऐसे में कार्तिक को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। ब्यूरो