हरियाणा मुक्त विद्यालय के परीक्षार्थियों के रोल नंबर जारी
गुरुग्राम। हरियाणा मुक्त विद्यालय की माध्यमिक व वरिष्ठ माध्यमिक परीक्षाओं के लिए परीक्षार्थियों के रोल नंबर वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। मुक्त विद्यालयों की परीक्षाएं सात मार्च से शुरू हो रही हैं। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह ने बताया कि सभी परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र का रंगीन प्रिंट आउट ए-4 शीट पर लेना होगा। वहीं सभी छात्रों को प्रवेश पत्र पर अंकित विवरण नाम, पिता का नाम, माता का नाम, जन्मतिथि, फोटो, हस्ताक्षर आदि की जांच करने की सलाह भी दी गई है। इसमें कोई त्रुटि होने पर परीक्षा शुरू होने से पूर्व बोर्ड कार्यालय में संपर्क कर इसे ठीक करा सकते हैं। बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि फोटो तथा हस्ताक्षर की शुद्धि परीक्षा समाप्ति के बाद नहीं की जाएगी। प्रवेश पर नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो लगाकर किसी राजपत्रित अधिकारी या प्राचार्य से प्रमाणित करवाना अनिवार्य है। परीक्षा वाले दिन पहचान-पत्र के तौर पर आधार कार्ड या कोई दूसरा पहचान पत्र साथ लाना होगा। इसके बगैर परीक्षा देने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बोर्ड सचिव कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि जिन परीक्षार्थियों के असाइनमेंट नहीं मिले रहे हैं, ऐसे परीक्षार्थियों के रोल नंबर रोके गए हैं। ऐसे परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले किसी भी कार्यदिवस पर सुबह नौ से शाम पांच बजे तक बोर्ड कार्यालय में असाइनमेंट जमा करने की सलाह दी जाती है। इसके बाद उन्हें रोल नंबर जारी कर दिया जाएगा। दो, तीन और चार मार्च को अवकाश होने के बावजूद बोर्ड कार्यालय की मुक्त विद्यालय शाखा खुली रहेगी। इसलिए इन दिनों में परीक्षार्थी व अभिभावक रोल नंबर लेने के लिए बोर्ड कार्यालय में आ सकते हैं। ब्यूरो