पटौदी बार की याचिका स्वीकार, मिला स्टे
पटौदी। फर्रुखनगर तहसील परिसर में अधिवक्ताओं की सीट हटाने के मामले में सिविल जज सुधीर कुमार की अदालत (पटौदी) ने स्टे लगा दिया है। अदालत में पेश हुए ग्राम सचिव गजराज सिंह ने अपना जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा था। इस पर अदालत ने 27 फरवरी को सुनवाई की तारीख निश्चित करते हुए ग्राम सचिव व उपायुक्त गुरुग्राम को जवाब दाखिल करने के आदेश दिए हैं। तहसील व खंड विकास पंचायत कार्यालय में करीब 15 साल से 60 अधिवक्ता वकालत कर रहे हैं। अधिवक्ताओं ने यहां बैठने के लिए टीन शेड लगाई हुई है, लेकिन वर्तमान खंड विकास, पंचायत अधिकारी व पंचायत समिति इन टीन शेड को हटाने की कार्रवाई कर रही है। इसके विरोध में पटौदी बार एसोसिएशन के प्रधान तेजपाल चौहान व सचिव सुधीर मुदगिल ने अदालत में याचिका दायर की थी। याचिका में उन्होंने गुहार लगाई थी कि पूरे भारत में सभी अदालत परिसर में अधिवक्ताओं के बैठने सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की पूर्ति सरकार करती है, लेकिन फ र्रुखनगर तहसील परिसर में खंड विकास अधिकारी तानाशाही करते हुए इन टीन शेड को हटाने की तैयारी कर रहे हैं। अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल संबंधित अधिकारियों से मिलकर बात भी कर चुका है, लेकिन अधिकारी अपनी तानाशाही से बाज नहीं आ रहे जिस पर उन्होंने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है।