गुरुग्राम। साइबर अपराध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जालसाज ने बिना किसी ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) के ही पीड़ित के बैंक खाते से 9.10 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर साउथ गुरुग्राम थाने में शुक्रवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया। गांव अभयपुर निवासी राजेश खटाना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि खाते में एक फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) थी। साइबर ठगों ने न सिर्फ उनकी एफडी को तोड़ दिया, बल्कि बिना किसी ओटीपी या जानकारी के उनके खाते से नौ लाख दस हजार रुपये निकाल कर ठगी कर डाली। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। बैंक से जानकारी मांगी गई है और जांच की जा रही है। ब्यूरो