गुरुग्राम। वॉलीबॉल के नए खेल सत्र के लिए वर्ष 2026 की नियमावली में कई बदलाव किए गए हैं। इनका लक्ष्य खेल को तेज बनाना और मैच की रुकावटें कम करना है। अब मुकाबले से पहले दोनों टीमें 90-90 सेकंड अभ्यास करेंगी। जिला खेल अधिकारी आरती कोहली ने बताया कि रेफरी कुछ स्पष्ट स्थितियों में हाथ के संकेत से फैसला दे सकेंगे, जिससे समय बचेगा। सर्विस के समय खिलाड़ियों की स्थिति बदलने के नियम भी बदले गए हैं। छत से गेंद टकराने पर कुछ शर्तों के साथ खेल जारी रह सकेगा। टीम में खिलाड़ियों की संख्या 12 से बढ़ाकर 12 से 14 की जा सकेगी, जिसमें रक्षात्मक विशेषज्ञ भी होंगे। प्रशिक्षक ललित यादव ने बताया कि संदिग्ध घटनाओं पर वीडियो समीक्षा की मांग की जा सकेगी। इन बदलावों से खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को अधिक सतर्क रहना होगा। संवाद