गुरुग्राम विश्वविद्यालय और आईआईसीए के बीच करार
गुरुग्राम। गुरुग्राम विश्वविद्यालय और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कॉर्पोरेट अफेयर्स (आईआईसीए) के बीच एक करार पर सोमवार को सेक्टर-29 स्थित पावर ग्रिड में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल की मौजूदगी में हस्ताक्षर हुए। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मार्कण्डेय आहूजा और आईआईसीए के महानिदेशक डॉ. समीर शर्मा ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत कॉर्पोरेट अफेयर्स कंपीटिटिव लॉ, कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी के क्षेत्र में एडवांस डिप्लोमा कोर्स, डेवलपमेंट व एग्जीक्यूजन ऑफ सर्टिफिकेट, पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा आदि कोर्स को लेकर करार हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, गुरुग्राम विश्वविद्यालय बहुत कम समय में शुरू हुआ लेकिन जैसे विश्वविद्यालय आगे बढ़ रहा है, उम्मीदें भी बढ़ रही हैं। इस दौरान शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि हमें इस बात की बेहद खुशी है कि गुरुग्राम विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए समझौता किया है। उच्च शिक्षा विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव ज्योति अरोड़ा ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि गुरुग्राम विश्वविद्यालय ने 16 अगस्त से अपनी कक्षाएं 6 संकाय में शुरू कर दी हैं । इस दौरान लोकनिर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने भी समझौते को लेकर शुभकामनाएं दीं। गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मार्कण्डेय आहूजा ने कहा, यह करार विद्यार्थियों के भविष्य के लिए फायदेमंद साबित होगा।