वारदात की बना रहे थे योजना, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गांव बार गुर्जर से दबोचा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। खेड़की दौला पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे 6 बदमाशों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 2 बाइकें, अवैध पिस्टल समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। आरोपियों को पूछताछ के लिए 3 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
सहायक पुलिस आयुक्त मानेसर विपिन अहलावत ने बताया कि बीती 28 जुलाई को थाना प्रबंधक महेन्द्र पाठक को मुखबिर से सूचना मिली कि गांव बार गुर्जर के पास सुनसान जगह पर स्थित एक कमरे में 5-6 युवक डकैती की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 युवकों मनीष निवासी गांव मधनाई सादाबाद, हाथरस, सौरव निवासी गांव नगला प्राण नाथ मैनपुरी, सन्नी नागर निवासी गांव मोहम्मदाबाद कन्नौज, गौरव निवासी खेड़ी गुलाम अली कैथल, अभिषेक उर्फ गोली और नितिन निवासी गांव बसई, महेंद्रगढ़ को दबोच लिया। पुलिस ने तलाश में चोरी की 2 बाइक, एक अवैध पिस्टल, मोबाइल, नकदी समेत अन्य सामान बरामद किया। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से उनको तीन दिन की पुलिस रिमांड भेज दिया गया।