गुरुग्राम। जालसाज ने आंगनबाड़ी पोषाहार केंद्र का कर्मचारी बनकर बच्चे के लिए पोषाहार के रुपये भेजने के नाम पर युवक से 53,594 रुपये की ठगी की है। पीड़ित युवक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर अपराध थाना मानेसर में एफआईआर दर्ज की है। बिहार के छपरा निवासी नन्हे कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गुरुग्राम के बिनौला गांव में रहता है। 18 जुलाई की शाम उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को आंगनबाड़ी पोषाहार केंद्र का कर्मचारी बताया। कॉल करने वाले ने नन्हे कुमार से कहा कि उनके बच्चे के जन्म का और आंगनबाड़ी के पोषाहार का पैसा पत्नी आरती देवी के अकाउंट में नहीं जा रहा है। ऐसे में वह यह राशि नन्हें कुमार के अकाउंट में भेज रहे हैं। इसके लिए उन्होंने नन्हे कुमार को ओटीपी भेजा और उसकी जानकारी लेकर तीन बार में उसके बैंक खाते से 53,594 रुपये की ट्रांजेक्शन कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ब्यूरो