रॉबर्ट वाड्रा पर कार्रवाई में देरी व स्टांप घोटाला में आप ने सरकार को घेरा
गुरुग्राम। आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को प्रेसवार्ता करके रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ कार्रवाई में देरी, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) और तहसील में रजिस्ट्री के नाम पर होने वाले भ्रष्टाचार को लेकर एक बार हरियाणा सरकार को घेरा। सिविल लाइन के एक होटल में हुए प्रेसवार्ता में आप प्रदेश प्रवक्ता सुधीर यादव ने कहा कि एचएसवीपी में आठ करोड़ के एफएआर के मामले में सरकार के मंत्री अधिकारियों को बचाने में लगे हैं। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक को तबादला किया गया, जबकि गुरुग्राम के अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। तुरंत तीनों अधिकारियों को बर्खास्त कर जांच की जाए और राजस्व की भरपाई की जाए। सुधीर यादव ने मानेसर तहसील में स्टांप घोटाले और रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर कोई कार्रवाई नहीं करने पर सवाल किए। उन्होंने कहा कि मानेसर तहसील में स्टांप घोटाले में कोर्ट के आदेश के बावजूद अधिकारी लीपापोती में लगे हुए है। इस मामले में पुलिस एसआईटी गठित कर जांच करने की तैयारी कर रही है, जबकि तत्कालीन पुलिस आयुक्त ने विजिलेंस जांच कराने की सिफारिश की थी। कई अधिकारी इंस्पेक्टर रैंक से ऊपर है, ऐसे में निष्पक्ष जांच होना संभव नहीं है। ऐसे में विजिलेंस जांच ही करवाई जाए। वहीं, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्षा सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा मामले में आप ने कहा कि भाजपा वाड्रा को लेकर कांग्रेस को घेरते आई है, लेकिन जब कार्रवाई की बारी आई तो दोनों पार्टियां एक हो गई। वाड्रा के खिलाफ एफआईआर के 90 दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस मौके पर आम आदमी पार्टी गुरुग्राम के पूर्व जिलाध्यक्ष सूर्य देव यादव ने कहा कि कुछ दिन पहले नंबरदार को गोली मार दी गई उससे कुछ दिन पहले एक बच्ची के साथ बलात्कार हुआ, ऐसी घटनाएं यहां आम हो गई है और पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने में असमर्थ साबित हुई है। ब्यूरो