कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई प्रतियोगी परीक्षाएं
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से नेशनल डिफेंस अकादमी और नवल अकादमी की परीक्षा रविवार को सुबह और शाम दो पालियों में आयोजित की गई। इस दौरान कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज परीक्षा-2 तीन पालियों में आयोजित की गई। दोनों परीक्षाओं में करीब 30 से 50 फीसदी अभ्यर्थी गैर हाजिर रहें।
सीडीएस की परीक्षा-2 तीन पालियों में सुबह नौ से 11 बजे, दोपहर 12 से दो बजे और दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक तीन पालियों में आयोजित की गई। जिले में सीडीएस के लिए 12 केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया गया। इसमें पहली पाली की परीक्षा में 3996 में से 1890 अभ्यर्थी उपस्थित रहें। दूसरी पाली में 1888 और तीसरी पाली में एलीमेंट्री मैथ की परीक्षा में 1382 में से 687 अभ्यर्थी उपस्थित रहें।
एनडीए की परीक्षा 31 केंद्रों पर आयोजित की गई। कुल 10483 अभ्यर्थियों में से पहली पाली में 7940 अभ्यर्थी उपस्थित रहें। दूसरी पाली में सामान्य योग्यता परीक्षा के लिए 8324 अभ्यर्थी उपस्थित रहें। जिला उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने बताया कि आपराधिक प्रक्रिया अधिनियम 1973 के अनुसार धारा 144 लागू की गई। आदेशों के तहत परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में पांच या इससे अधिक व्यक्ति एकजुट होने पर पाबंदी रही। इसके अलावा कोई भी व्यक्ति अनावश्यक रूप से प्रवेश नहीं कर सका। परीक्षा केंद्रों के नजदीक 200 मीटर की परिधि में सभी फोटोस्टेट की दुकानें भी बंद रखी गई।