गुरुग्राम। जालसाज ने गरीबों की मदद करने के नाम पर एक व्यक्ति के साथ 45 हजार की ठगी की। पीड़ित युवक की शिकायत के आधार पर साइबर अपराध थाना मानेसर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मेरठ (उत्तर प्रदेश) के खानपुर बागर निवासी जयपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह फर्रुखनगर के चांद नगर रोड पर किराये पर रहता है। 19 मार्च को फेसबुक पर उसने एक वीडियो देखी जिसमें हर्षवर्धन नाम के युवक ने गरीबों की मदद करने की बात कही। वीडियो में दिए गए मोबाइल नंबर पर जयपाल ने कॉल करके रुपयों की जरूरत की बात बताई। हर्षवर्धन ने जयपाल को कहा कि वह पहले 10 रुपये भेजकर देखेगा कि पेमेंट होती है या नहीं। इसके बाद हर्षवर्धन ने जयपाल के व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा। भेजे गए लिंक पर क्लिक करते ही जयपाल के खाते से 10 रुपये कट गए। इसके बाद जालसाज ने हर्षवर्धन ने जयपाल का विश्वास जीतने के लिए उसको 20 रुपये वापस भेज दिए। इसके बाद जालसाज हर्षवर्धन ने कई बार जयपाल को लिंक भेजकर रुपये भेजने के नाम पर लिंक क्लिक कराया और उसके बैंक खाते से 45 हजार रुपये निकाल लिए। ब्यूरो