मानेसर में एक कार कंपनी में काम करता है पीड़ित, पुलिस जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुगाम। एक कार कंपनी के मैनेजर से शेयर बाजार में निवेश करने पर अच्छे मुनाफे का झांसा देकर ठगों ने 44.51 लाख रुपये ठग लिए। साइबर थाना वेस्ट ने धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पालम विहार निवासी बिस्वजीत मारुति सुजुकी मानेसर में प्रबंधक पद पर कार्यरत हैं। पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 दिसंबर 23 को फेसबुक पर शेयर बाजार से उच्च रिटर्न के लिए निमंत्रण लिंक मिला था। लिंक पर क्लिक किया तो स्वचालित एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया। इसके अलावा, निवेश के लिए विभिन्न बैंक खातों में पैसे भेजकर एप (रिटेल होम) में पैसे जोड़ने के लिए कहा गया। पैसे भेजने के बाद बैंक खाते से पैसे निकालने से मना कर दिया गया। आरोपियों ने फिर और पैसे डालने के लिए कहा। इस पर पीड़ित ने अपनी पत्नी के बैंक खाते से भी भेजे। ठगों ने दोनों से 44,51,105 रुपये ट्रांसफर करवा लिया। जब पैसे निकालने का प्रयास किया तो एप बंद हो गया। इसके बाद ठगी का अहसास हुआ।
-
केस-2
विदेशी करेंसी में निवेश के नाम पर 11.69 लाख ठगे
गुरुग्राम। विदेशी करेंसी में निवेश के नाम पर ठगों ने 11.69 लाख रुपये ठग लिए। साइबर थाना वेस्ट ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। सेक्टर 52 निवासी अशोक कुमार दास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 जनवरी को दिल्ली स्थित एक्स ग्लोबल ट्रेडिंग के ब्रोकर विनय कुमार ने विदेशी मुद्राओं में ऑनलाइन ट्रेडिंग के बारे में बताया था। आरोपी ने ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से अच्छे गारंटीकृत लाभ का आश्वासन दिया था। डी-मैट खाता उसी दिन 50,000 रुपये से शुरू कराया। आरोपी ने जमा राशि दर्शाने वाले वॉलेट बैलेंस को खुलवा दिया। व्यापार को बढ़ावा देने के लिए उपरोक्त खाते में धनराशि जमा करने की सलाह देता रहा। 24 जनवरी तक खाते में 11,69,466 रुपये जमा थे। डीमैट खाता 25 जनवरी को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। ब्रोकर ने कहा कि एक सप्ताह में 19 लाख मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
केस तीन
न ओटीपी न मैसेज, 12.80 लाख खाते से निकले
गुरुग्राम। एक महिला के खाते से करीब 12.80 लाख रुपये निकल गए। लक्ष्मण विहार निवासी पीड़िता कविता शर्मा साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन पालम विहार ने बताया कि 17 फरवरी को बिजली का बिल जमा करने गई तो पता चला कि खाते में पैसे कम हैं। पीड़िता का कहना है कि जांच में पता चला कि 3 फरवरी को 12,80,000 रुपये का आरटीजीएस हो रखा था। जिसका न तो बैंक की तरफ से कोई ओटीपी आया, न ही कोई फोन आया या मैसेज मिला।इस दौरान खाते से कोई लेन-देन किया। पैसा सुमित नामक युवक के खाते में गया है। पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।
केस चार-
क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़वाने के नाम पर एक लाख की शॉपिंग की
गुरुग्राम। किरनकी निवासी नरवीर ने साइबर थाना दक्षिण को दी शिकायत में बताया कि 20 अक्तूबर 23 को फोन आया था और क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़वाने के लिए एनि डेस्ट डाउनलोड करवा कर क्रेडिट कार्ड से 1,18,053 की शॉपिंग की। इसके बारे में 28 अक्तूबर 23 को पता चला था, जब क्रेडिट कार्ड का बिल बनकर आया था। दूसरे मामले में मधुबनी बिहार निवासी इन्द्रजीत कुमार ठाकुर फिलहाल गांव खेड़की दौला में किराये पर रहता है। 7 मार्च को गांव चक्करपुर में ताश खेलने वालों के पास बैठा हुआ था। दो-तीन बार अपना फोनपे का बैलेंस चेक करने के लिए खोला था। एक युवक ने फोनपे से 5000 रुपये ट्रांसफर किया हुआ था।