कॉलोनी वासियों को मिलेंगी मूलभूत सुविधाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। प्रदेश सरकार ने हरियाणा के 16 जिलों में 173 कॉलोनियों को नियमित करने का नोटिफिकेशन जारी किया है। इसमें गुरुग्राम से 44 काॅलोनियां भी नियमित हुई हैं। जिसमें गुरुग्राम क्षेत्र से 21 कॉलोनी, मानेसर क्षेत्र से सात, सोहना क्षेत्र से पांच, पटौदी क्षेत्र से तीन और फर्रुखनगर क्षेत्र से आठ कॉलोनियां शामिल हैं। गुरुग्राम की 44 अनधिकृत कॉलोनियों के नियमित होने से यहां रहने वाले लोगों मूलभूत सुविधाएं मिल सकेंगी।
नियमित हुई काॅलोनियों में अब प्रदेश सरकार व प्रशासन द्वारा नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं जैसे सड़कें, सीवरेज, जलापूर्ति और स्ट्रीट लाइट उपलब्ध करवाई जाएंगी। नियमित कॉलोनियों में विकास कार्य कराने के लिए बजट जारी किया जाएगा। नगर निगम और नगर परिषद द्वारा नियमित कॉलोनियों में विकास कार्य कराने के लिए योजनाएं तैयार की जाएंगी। हालांकि अब नियमित हुई कॉलोनियों में लोगों को भी विकास शुल्क और प्रॉपर्टी टैक्स जमा करना होगा। मकान बनाने के लिए नक्शा पास कराना, पानी-सीवर कनेक्शन लेने पर शुल्क देना पड़ेगा।
इन कॉलोनियों को किया है नियमित
न्यू पालम विहार फेज-1 व फेज-2, एवन्यू-69, 8050 मयूर विहार, एसआरपी कॉलोनी, चंदन विहार फेज-2, रॉयल भवानी एनक्लेव, बिना नाम की कॉलोनी, सियाराम एनक्लेव, वाटिका कुंज, निहाल कॉलोनी, मारुति कुंज कॉलोनी एक्सटेंशन, वाटिका कुंज पार्ट-2, स्नेह विहार कॉलोनी, वाटिका कुंज एक्सटेंशन, शांति कुंज, शंकर विहार और टेंकचंद कॉलोनी, कृष्णा कुंज, श्रीराम एनक्लेव और राजेंद्रा पार्क एरिया को नियमित किया गया है। इन कॉलोनियों में कुछ कॉलोनियां ऐसी हैं जिनके कुछ हिस्से अवैध बचे हुए थे। शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने कॉलोनी के क्षेत्र के हिसाब से भी नियमित किया है।