बजघेड़ा थाना के अंतर्गत निहाल कॉलोनी में 21 अक्तूबर की रात को एक अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। गली में शव पड़ा होने की सूचना मिलने पर बजघेड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम व सीन ऑफ क्राइम टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया।
सीसीवीटी फुटेज में दिखे आरोपी
पुलिस ने मृतक के शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है। जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज हाथ लगी है जिसमें एक नाबालिग सहित दो लाेग दिखाई दिए हैं। पुलिस के अनुसार नाबालिग की पहचान हो चुकी है।
मृतक मध्य प्रदेश का रहना वाला था
पुलिस नाबालिग आरोपी को काबू करने का प्रयास कर रही है। आरोपी के काबू आने के बाद ही हत्या के पीछे के कारणों का पता लग पाएगा। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ निवासी प्यारे लाल (40) के रूप में हुई है। जोकि वर्तमान में गुरुग्राम की निहाल कॉलोनी में रहता था और दिहाड़ी-मजदूरी करता था। बृहस्पतिवार की सुबह उसका शव गली में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला।
गली में पड़ा मिला शव
राहगीरों ने जब शव देखा तो डायल 112 पर कॉल करके पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। जिसके बाद बजघेड़ा थाने की पुलिस माैके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस को एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज हाथ लगी है जिसमें दो संदिग्ध नजर आए हैं। इन दोनों में से एक नाबालिग है जोकि मूल रूप से छत्तीसगढ़ का रहने वाला है, उसकी पहचान की गई है। प्रारंभिक तौर की जांच में सामने आया है कि मजदूर प्यारे लाल की डंडों से पीट-पीटकर हत्या की गई है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार का कहना है कि वारदात को अंजाम किस कारण से दिया गया और कितने लोगों ने वारदात को अंजाम दिया है इसकी जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर ही वारदात के कारण पता लग पाएंगे।