सरस्वती कुंज में 3.80 एकड़ जमीन कब्जा मुक्त
विरोध के बीच एचएसवीपी ने की कार्रवाई
25 दुकान, 6 मकान सहित 190 टिन शेड ध्वस्त
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने बृहस्पतिवार को विरोध के बीच सेक्टर-52ए और सेक्टर-53 सरस्वती कुंज में ग्रुप हाउसिंग की करीब 3.80 एकड़ जमीन को कब्जा मुक्त कराया। यहां दुकानें, मकान, टिन शेड डालकर कब्जा किया गया था। कब्जा करने वालों को चेतावनी दी गई है कि भविष्य में फिर कब्जा किया तो मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
दो दिन पहले ही प्राधिकरण ने मुनादी करवा कर घोषणा की गई थी कि जिन लोगों ने भी यहां पर कब्जे कर रखे हैं, वह स्वयं ही कब्जे हटा लें। बृहस्पतिवार को प्राधिकरण की टीम पहुंची तो लोग विरोध प्रदर्शन करते हुए समय देने की मांग करने लगे, जिसे प्राधिकरण ने इन्कार कर दिया। नोकझोंक होने पर पुलिस ने विरोध करने वालों को तितर-बितर किया। इसके बाद प्राधिकरण की जेसीबी मशीन ने करीब 25 दुकानें, छह मकान और 190 टिन शेड को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में उप मंडल अभियंता एनके राना, एसडीई सर्वे ज्ञान चंद्र, आदि मौजूद रहे।