- रेंज रोवर कार और अन्य आकर्षक उपहार मिलने का भी दिया था झांसा, पुलिस जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शेयर बाजार में निवेश करने पर 300 फीसदी रिटर्न मिलने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति से 34 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने पीड़ित से कहा था कि नई दिल्ली में एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा और जिस निवेशक के पास सबसे बड़ी पोर्टफोलियो संपत्ति होगी, उसे रेंज रोवर कार और अन्य आकर्षक उपहार मिलेंगे। साइबर थाना पुलिस ईस्ट ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएलएफ फेज चार निवासी राहुल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अजय अग्रवाल, राज लाल, सारा सिंह, रमादेवी पीरामल, रिकी फ्रांसिस और सौरभ कुमार ने मिलकर उसके साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। पीड़ित ने बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर एक विज्ञापन देखा था, जिसमें शेयर बाजार में निवेश के माध्यम से 300 फीसदी रिटर्न की बात कही गई थी। वह बेहतर निवेश योजना की तलाश कर रहा था। कुछ पूछताछ के बाद आरएसआई वाटरवे वेल्थ एक्सक्लूसिव वीआईपी नामक एक समूह के लिए एक व्हाट्सएप में जुड़ गया। आरोपियों ने उसे आईसीएसजी ट्रेडिंग एप डाउनलोड कराया। आरोपी राज लाल ने सेबी प्रमाणपत्र भी साझा किया जो प्रमाणित करता है कि वह इन्वेस्टमेंट ग्रुप सेबी के पात्र और अधिकृत एजेंट हैं। सारा सिंह से भी पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने भी ट्रेडिंग एप में भारी निवेश किया है और लाभ हो रहा है। आरोपी राज लाल ने तीर्थ गोपीकॉन, भारती हेक्साकॉम और डीसीजी केबल के नाम से डिस्काउंटेड आईपीओ में निवेश करने की भी सलाह दी। आरोपी ने कहा कि नई दिल्ली में एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा और जिस निवेशक के पास सबसे बड़ी पोर्टफोलियो संपत्ति होगी, उसे रेंज रोवर कार और अन्य आकर्षक उपहार मिलेंगे। इस पर पीड़ित ने 34 लाख 12 हजार कई शेयरों में निवेश कर दिए। पीड़ित का कहना है कि एप पर कुल संपत्ति पोर्टफोलियो 2,65,74,403 रुपये (विभिन्न पोर्टफोलियो में निवेश से अर्जित रिटर्न सहित) के रूप में प्रदर्शित किया जा रहा था, लेकिन उसके बाद ट्रेडिंग एप की निकासी प्रणाली निलंबित हो गई।
आरोपियों ने 29 अप्रैल का एक पत्र भेजा। जिसमें उपर्युक्त राशि पर 6 फीसदी व्यक्तिगत आयकर देने को कहा। इसके लिए 15,94,464 रुपये का भुगतान करना होगा और उसके बाद ही खाते में पैसे मिलेंगे। इसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
-
ऑनलाइन सूट लेना पड़ा भारी, 2800 रुपये ठगे
गुरुग्राम। एक महिला को ऑनलाइन सूट खरीदना भारी पड़ गया। साइबर ठग ने 2799 रुपये ठग लिए। सेक्टर 66 निवासी मैरू जैन ने साइबर क्राइम थाना साउथ को दी शिकायत में बताया कि चार मई को यूट्यूब चैनल पर ऑनलाइन सूट का विज्ञापन देखा था। उन्हें अपनी सास के लिए एक सूट खरीदना था। इसलिए उन्होंने चैनल पर दिए गए नंबर पर संपर्क किया और दो सूट का ऑर्डर दिया। विक्रेता ने भुगतान के लिए एक क्यूआर कोड साझा किया। पीड़ित ने दो ऑर्डर के लिए 1,099 रुपये और 850 रुपये भेज दिए। पांच मई को आरोपी ने मैसेज दिया कि तीन ऑर्डर न्यूनतम खरीद है। इसलिए 850 रुपये के एक और सूट का ऑर्डर किया। इसके बाद विक्रेता ने कहा कि शिपिंग शुल्क का भी भुगतान करना होगा। उसके बाद आरोपी ने फोन बंद कर लिया।