गुरुग्राम। खेड़कीदौला थाना क्षेत्र में बदमाश ने डेबिट कार्ड बदलकर एक युवती के बैंक खाते से 27 हजार रुपये निकाल लिए। आरोपी ने एटीएम बूथ पर रुपये निकालने के दौरान डेबिट कार्ड बदलने की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ 2 अगस्त को संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। फर्रुखाबाद (यूपी) के मदनपुर गांव निवासी सेजल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे 8 जुलाई को खेड़कीदौला क्षेत्र स्थित एक एटीएम बूथ में रुपये निकालने गई थीं। नकदी नहीं निकलने पर एक युवक ने मदद के बहाने बैलेंस चेक करने के लिए उसका डेबिट कार्ड ले लिया। युवक ने कार्ड बदलकर अपना कार्ड सेजल को थमा दिया और वहां से चला गया। बाद में उसी कार्ड का उपयोग कर आरोपी ने उनके एसबीआई बैंक खाते से 27 हजार रुपये निकाले। खेड़कीदौला थाना में तैनात जांच अधिकारी, मनोज कुमार ने बताया कि संबंधित बैंक को एटीएम बूथ के सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने के लिए नोटिस जारी किया गया है। सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। संवाद