अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जालसाज ने एक बुजुर्ग के बैंक खाते से 24 हजार रुपये निकालकर ठगी कर ली। रुपये कटने का मैसेज आने के बाद पीड़ित ने कस्टमर केयर में संपर्क करके खाता, क्रेडिट व डेबिट कार्ड को फ्रीज कराया। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर अपराध थाना पश्चिम में प्राथमिकी दर्ज की है। सेक्टर-9ए निवासी चार्ल्स चंडेकर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल पर 16 नवंबर को अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने बैंक का कर्मी बन व्यक्तिगत जानकारी मांगी। इसके बाद उनका मोबाइल हैक हो गया और उनके खाते से 24 हजार रुपये कट गए। मैसेज आते ही उन्होंने बैंक खाता फ्रीज करवाया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।