गुरुग्राम। साइबर ठगों ने एक युवक को व्हाट्सएप पर आरटीओ को फर्जी ई-चालान की एपीके फाइल भेजकर खाते से 2,34,005 रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ साइबर अपराध थाना मानेसर में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बिहार के मधुबनी निवासी धीरज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-37 में किराये पर रहता है। 20 फरवरी को उसके व्हाट्सएप नंबर पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को पुलिस कर्मचारी बताया और एक आरटीओ ई-चालान की एपीके फाइल भेजी। जैसे ही धीरज ने एपीके फाइल पर क्लिक किया तो उसका मोबाइल हैक हो गया। 21 फरवरी को धीरज कुमार के इंडसइंड बैंक के खाते से पांच किस्तों में कुल 2,34,005 रुपये डेबिट हो गए। पीड़ित को रुपये निकलने के बारे में जानकारी मिलते ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। ब्यूरो