संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। रोजगार मेले में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को 215 युवाओं को विभिन्न विभागों में हुई उनकी नियुक्ति के पत्र सौंपे। कार्यक्रम का आयोजन भोंडसी स्थित सीमा सुरक्षा बल की 95वीं वाहिनी के परिसर में हुआ। नौकरी पाने वालों में यूपी, राजस्थान व हरियाणा के युवा शामिल रहे।
केंद्रीय मंत्री ने युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि पहले आप अपने काम के लिए दूसरों के पास जाते थे। अब लोग अपने काम के लिए आप के पास आएंगे। इसलिए अपने काम को ईमानदारी से करना। अपने-अपने विभागों में जनता के कार्यों को लंबित नहीं रखना।
नियुक्ति पत्र पाने वाले सबसे ज्यादा युवा बीएसएफ के लिए चयन होने वालों में से थे। इससे पहले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी बड़ी स्क्रीन पर प्रसारित किया गया। इस मौके पर बीएसएफ के अतिरिक्त महानिदेशक वाईबी खुरानिया, डीआईजी एस मलिक और बीएसएफ 95वीं वाहिनी के कमांडेंट नितिन गुप्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में 277 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपने के बुलाया गया था, लेकिन 215 ही पहुंचे थे। बीएसएफ के लिए 168 युवाओं ने नियुक्ति पत्र हासिल किया। इसके अलावा एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) के लिए 17, भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) के लिए 6, जलसंपदा के लिए 4, बैंक के लिए 3, नवोदय विद्यालय के लिए एक और बीमा क्षेत्र के लिए 16 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए युवा रात को ही कैंप में आ गए थे। कार्यक्रम में बीएसएफ के बैंड और सेना के बैंड ने भी प्रस्तुति दी।