सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में होगा समारोह, तैयारियों के संबंध में किया मंथन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व के रूप में पूरे हर्षोल्लास के साथ सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में मनाया जाएगा। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों व देश सेवा में योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों व उनके परिजनों को सम्मानित भी किया जाएगा। जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकतम 20 व्यक्तियों को ही सम्मानित किया जाएगा।
लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की तरफ से एक प्रोफार्मा भी प्राप्त हुआ है जिसमें व्यक्ति का नाम, उस द्वारा किए गए सराहनीय कार्य का उल्लेख, इमानदारी, उसके खिलाफ कोई चार्ज शीट या अन्य कोई मामला तो नहीं आदि विवरण भरकर 10 अगस्त तक कार्यालय अध्यक्ष एडीसी कार्यालय में जमा करवाना है।
उपायुक्त ने कहा कि समारोह में सरकारी विभागों के सभी कार्यालय अध्यक्ष स्वयं स्टाफ सहित उपस्थित रहेंगे। समारोह में मार्च पास्ट व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले सभी बच्चों को जिला प्रशासन द्वारा भागीदारी प्रमाणपत्र भी दिया जाए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की संख्या पांच निर्धारित की है। इसके अलावा स्कूली बच्चों द्वारा मास पीटी, डंबल और लेजियम शो का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
परेड में हरियाणा पुलिस की तीन टुकड़ियां, एनसीसी सीनियर डिवीजन की टुकड़ियों के अलावा, सिविल डिफेंस तथा प्रजातंत्र के प्रहरी की एक एक टुकड़ी शामिल होंगी। बैठक में एडीसी हितेश कुमार मीणा, डीसीपी हेडक्वार्टर दीपक गहलावत, एसडीएम गुरुग्राम रविंद्र यादव, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त नरेश यादव, विजय यादव व अखिलेश यादव आदि मौजूद थे।