ग्रेटर नोएडा (संवाद)। पोलियो उन्मूलन अभियान के तहत बिसरख सीएचसी की टीम ने क्षेत्र के लेबर कैंपों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। अभियान के दौरान बिसरख-1 यूनिट की 20 टीमों ने चार सुपरवाइजर की निगरानी में घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाई। इस दौरान जन्म से पांच वर्ष तक के करीब 1800 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। अब अभियान के अगले चरण में सोसाइटी में रहने वाले बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट से ग्रेटर नोएडा तक की 126 सोसाइटियों को शामिल किया गया है। सभी सोसाइटियों का अलग-अलग प्लान तैयार कर टीमों को भेजा जाएगा। पोलियो कार्यक्रम प्रबंधक अरविंद चौधरी ने बताया कि बिसरख सीएचसी की टीम अभियान को सफल बनाने में जुटी है।