बैंक खाते में आधार नंबर अपडेट करने के बहाने ठगी
गुरुग्राम। बैंक खाते में आधार नंबर अपडेट करने के बहाने ऑनलाइन ठगी करने के दो मामले सामने आए हैं। अलग-अलग थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार छतरपुर मध्य प्रदेश निवासी रामपाल ने बताया कि वह सेक्टर-31 की झुग्गी में रहते हैं और माली का काम करते हैं। 13 फरवरी को उनके पास एक व्यक्ति का फोन आया जिसने बैंक खाते में आधार नंबर अपडेट करने के लिए जानकारी मांगी। उन्होंने उसे अपनी जानकारी दे दी। वह 16 फरवरी को जब बैंक में पासबुक अपडेट करवाने गया तो उन्हें पता लगा कि उनके बैंक खाते से 98,995 रुपये की ऑनलाइन खरीदारी की गई है। दूसरे मामले में सेक्टर-9ए थाना पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-4 निवासी शांति स्वरूप ने कहा कि 14 दिसंबर 2018 को उन्होंने सेक्टर-4 मार्केट में एसबीआई एटीएम से 10 हजार रुपये निकाले। इस दौरान एक युवक ने एक मदद का बहाना करते हुए एटीएम कार्ड बदल लिया। युवक ने उनके कार्ड की मदद से 14 से 15 दिसंबर के बीच बैंक खाते से 1 लाख रुपये नकद निकाल लिए। 80 हजार रुपये दूसरे बैंक खाते में स्थानांतरित करने के साथ ही 98,560 रुपये की खरीददारी की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर शुक्रवार को मामला दर्ज कर लिया गया है। ब्यूरो