अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो की मौत
गुरुग्राम। अलग-अलग स्थानों पर हुई दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। बादशाहपुर थाना पुलिस को दिए ब्यान में कृष्णा नगर गुरुग्राम निवासी सुशील कुमार ने कहा कि वह मारुति कंपनी में काम करते हैं। 22 फरवरी को वह अपनी बाइक पर बहन सरला देवी (45) को लेकर गांव कादरपुर से गुरुग्राम आ रहे थे। वाटिका चौक के पास कैंटर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी जिसमें सरला की मौत हो गई। आरोपी चालक कैंटर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। उधर, सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बांदा उत्तर प्रदेश के गांव कुलकुम्हारी निवासी मुकेश ने कहा कि उनका मौसेरा भाई कुलदीप यूनिटेक साइबर पार्क सेक्टर-15 पार्ट-2 में सुरक्षाकर्मी था। 21 फरवरी की रात को कुलदीप कंपनी में हाजिरी लगाकर किसी काम से बाइक पर बाहर गया था। जहां अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।