संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। फौजी बनकर अज्ञात व्यक्ति ने जटौली के एक व्यक्ति से गाड़ी बेचने के नाम पर 1 लाख 61 हजार 650 रुपये ठग लिए। पटौदी थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार जटौली के वार्ड 12 निवासी जितेंद्र सिंह ने अपनी शिकायत में कहा कि उसके पास किसी राजेश चौहान का फोन आया। उसने खुद को फौज में कार्यरत बताया। उसने कार बेचने की बात कहते हुए उसका फोटो भेजा। कार उसे पसंद आ गई। इसका सौदा भी 1 लाख 40 हजार रुपये में तय हो गया। उसके बाद आरोपी ने पहले चार हजार एडवांस देने की बात कही। उसके बाद अलग-अलग सात किस्तों में 1,61,650 रुपये ले लिए। इतने रुपये देने के बाद उसने 26 हजार रुपये और जमा करने की बात कही। जिस पर उसे ठगी का संदेह हुआ। मामले की छानबीन करने पर पता चला कि उसके साथ ठगी हो चुकी है। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।