पुलिस ने 30 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया
उपद्रव करने वालों पर नजर रखने के लिए 4960 पुलिसकर्मी तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। कमिश्नरेट की पुलिस ने सोहना, सेक्टर-57 और बादशाहपुर में हुई हिंसा के मामले में 15 केस दर्ज करते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस ने 30 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। जिले में शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए पुलिस ने सख्ती करनी शुरू कर दी है।
एहतियात के तौर पर सोहना और बादशाहपुर में रेपिड एक्शन फोर्स को तैनात किया गया है। जिले में उपद्रव करने वालों पर नजर रखने के लिए 4960 पुलिस के जवानों को लगाया गया है, जिसमें 2850 को शहर के बाहरी हिस्से और 2110 जवानों को शहर के भीतर तैनात किया गया है।
एसीपी अपराध वरुण दहिया ने बताया कि पिछले 12 घंटे से शहर में शांति है। पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को चौकस कर दिया है। अब हालात सामान्य होने लगे हैं। सोहना, सेक्टर-57 और बादशाहपुर में हुई हिंसा के मामले में 15 केस दर्ज करते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से चार आरोपी इमाम की हत्या में शामिल रहे थे।
वहीं पुलिस ने 30 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। एसीपी ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाह फैल रही हैं। लोग इन अफवाहों पर ध्यान न दें। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसीपी ने कहा कि कुछ शरारती तत्व छोटे-छोटे ग्रुप में घूम रहे हैं जिनकी तलाश की जा रही है।