बेचा गया फ्लैट दूसरी कंपनी में गिरवी रख व्यक्ति से डेढ़ करोड़ ठगे
-साढ़े तीन साल तक कार्रवाई से बचती रही सेक्टर 50 थाना पुलिस
-अब अदालत के आदेश पर दर्ज किया केस, शुरू की गई जांच
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली की बिल्डर्स फर्म ने पहले फ्लैट गुरुग्राम के एक व्यक्ति को बेच दिया, फिर उसी फ्लैट को दूसरी कंपनी में बंधक रखकर उसके करोड़ों रुपये ले लिया। वहीं दूसरी ओर व्यक्ति से डेढ़ करोड़ रुपये लेकर उन्हें फ्लैट भी नहीं दिया। पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर अदालत के आदेश पर सेक्टर 50 थाने में बृहस्पतिवार को तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार सेक्टर 43 निवासी राजेंद्र आनंद ने अदालत में लगाई याचिका में कहा कि दिल्ली की बिल्डर्स फर्म नाइनेक्स डेवलपर्स लिमिटेड से उन्होंने अक्तूबर 2016 में डेढ़ करोड़ रुपये देकर गुरुग्राम के सेक्टर 76 में नाइनेक्स प्रोजेक्ट में पहली मंजिल पर 4549 वर्गफुट का फ्लैट लिया था। फर्म ने दिसंबर 2017 तक कब्जा देने का वादा किया था। बिल्डर्स फर्म ने राजेंद्र से तीन करोड़ रुपये वापस करने का एक एमओयू भी किया था।
इसके बाद फर्म के बिल्डरों ने अपने आप को फायदा पहुंचाने के लिए राजेंद्र आनंद के फ्लैट समेत 21 और फ्लैट दिल्ली के मैसर्स रेनू प्रोपटेक प्राइवेट लिमिटेड के यहां गिरवी रखकर 30 करोड़ रुपये ले लिए। जब रेनू प्रोपटेक को इसका पता चला तो उसने दिल्ली की इकॉनोमिक आफेंस विंग में इसकी शिकायत भी की। इसके बाद बिल्डर्स फर्म ने 2019 तक राजेंद्र को पैसे लौटाने की बात कही, लेकिन अब तक कोई पैसे नहीं दिए गए। फिर पीड़ित ने सेक्टर 50 थाने में फर्म के डायरेक्टर संदीप गर्ग, राम मेहर गर्ग व वीना गर्ग के विरुद्ध शिकायत की। लेकिन साढ़े तीन साल तक पुलिस कार्रवाई से बचती रही। इसके बाद पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत के आदेश पर सेक्टर 50 थाने में मामला दर्ज किया गया है।