मानेसर। नखडौला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से शनिवार को टीबी के मरीजों की पहचान के लिए नखडौला के वृद्धा आश्रम में जांच शिविर लगाया गया। इस शिविर का उद्देश्य क्षेत्र में टीबी के संभावित मरीजों को समय रहते चिन्हित कर उनका इलाज शुरू करना था। शिविर के दौरान करीब 130 से अधिक लोगों की जांच की गई। इसमें उन लोगों को खास तौर पर शामिल किया गया, जिनमें टीबी जैसे लक्षण दिखाई दे रहे थे। इसके अलावा 40 लोगों के एक्सरे भी किए गए, ताकि बीमारी की सही स्थिति का पता लगाया जा सके। स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. तरुण चोपड़ा ने बताया कि जिन लोगों में टीबी के लक्षण मिले हैं, उनके सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही रिपोर्ट आएगी, मरीजों का तुरंत इलाज शुरू कर दिया जाएगा। डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को लंबे समय तक खांसी या अन्य लक्षण महसूस हों तो वे जांच जरूर कराएं। समय पर जांच और इलाज से टीबी को पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। संवाद