दोस्त ने मेट्रो स्टेशन पर की युवती से छेड़छाड़
गुरुग्राम। युवती का पीछा करने, उसके साथ छेड़छाड़ और मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने इस घटना को मेट्रो स्टेशन पर अंजाम दिया। इस संबंध में महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपी कई दिनों से युवती का पीछा कर रहा था। पुलिस के अनुसार डीएलएफ फेज-1 निवासी 27 वर्षीय युवती ने शिकायत में कहा कि वह व अभिलाष बाबू दोनों एक ही कंपनी में पांच साल पहले नौकरी करते थे। तीन साल पहले अभिलाष ने नौकरी छोड़ दी। कुछ दिन पहले उसे बिजवासन दिल्ली निवासी अभिलाष बाबू का फोन आया और मदद मांगने लगा। इस पर युवती ने उसे मना कर दिया। इसके बाद उसने युवती का पीछा करना शुरू कर दिया। शनिवार को आरोपी ने उसे मेट्रो स्टेशन पर पकड़ लिया और उससे बहस करने लगा। इसी बीच उसने युवती को थप्पड़ भी मार दिया। इस घटना के बाद युवती ने अपने परिजनों को बताया और महिला थाना पुलिस को घटना की शिकायत कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला थाना प्रभारी निरीक्षक कांता देवी ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ब्यूरो