तीन घंटे में पूरी चार्जिंग
गुरुग्राम। शहर में पर्यावरण की स्थिति को सुधारने की दिशा में एक कदम और बढ़ाते हुए अलग-अलग स्थानों पर 12 इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग प्वाइंट लगाए गए हैं। यह प्वाइंट कार्य स्थल, कॉमर्शियल साइट्स की पार्किंग, कार्य स्थान आदि पर लगाए हैं। यह 12 किलोवाट की क्षमता के हैं। इन प्वाइंट पर किसी भी ईवी वाहन को तीन घंटे में पूरी तरह चार्ज किया जा सकेगा। प्रशासन और प्रदेश सरकार भी ई वाहनों को बढ़ावा दे रही है।
चार्जिंग स्टेशन पर 30 किलोवाट की उच्च क्षमता वाला एक डीसी चार्जर भी है, जो 45 से 80 मिनट की अवधि के अंदर वाहन को पूरी तरह चार्ज कर देता है। यह चार्जिंग प्वाइंट ज़ोमैटो, सन लाइफ फाइनेंशियल, ब्लिंकिट, कॉर्निंग और कई अन्य प्रमुख कंपनियों के परिसरों में स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा पायनियर प्रेसिडिया, अराया, ज़ियोन क्लब परिसरों में भी लगाए गए हैं। चार्जिंग स्टेशन बाजार में उपलब्ध सभी ई-कारों की जरूरतों को पूरा करते हैं। इन चार्जिंग स्टेशनों को याह्वी ईवी चार्जिंग ने लगाया है। मार्च 2024 तक 1100 से ज्यादा चार्जिंग स्टेशन लगाने का लक्ष्य है। ब्यूरो