निर्धारित रूट चंडीगढ़, रोहतक, भिवानी व जींद पर नूंह की बसों को भेजा
- सोमवार से गुरुग्राम बस अड्डा में खड़ी थी नूंह डिपो की बसें
प्रवीन कुमार
गुरुग्राम। नूंह में बीते सोमवार को हुए सांप्रदायिक तनाव के कारण रोडवेज बसों का संचालन रुका हुआ है। सोमवार को नूंह बस डिपो से चंडीगढ़, रोहतक, भिवानी व जींद रूट पर संचालित 11 रोडवेज बसों को गुरुग्राम अड्डा में खड़ा किया गया था। पिछले तीन दिनों से नूंह डिपो की इन 11 रोडवेज बसों के चालक व परिचालक गुरुग्राम डिपो में ही रह रहे हैं।
बृहस्पतिवार को नूंह डिपो की रोडवेज बसों का उनके निर्धारित रूटों पर संचालन शुरू किया गया है। यह बसें चंडीगढ़, रोहतक, भिवानी व जींद रूट पर उनके समय अनुसार रवाना की गई। बृहस्पतिवार की दोपहर को गुरुग्राम बस अड्डा से चंडीगढ़, रोहतक, भिवानी व जींद के लिए रवाना हुई बसों का रात्रि विश्राम इन तीनों जिलों के बस डिपो में होगा और सुबह यह बसें गुरुग्राम के लिए रवाना होंगी।
नूंह डिपो के चालक सोनू व महेंद्र ने बताया कि नूंह जिले में तनाव के कारण डिपो प्रबंधन ने बसों को गुरुग्राम में ही रोकने निर्देश दिए थे। ऐसे में सोमवार से ही बसों को गुरुग्राम डिपो में खड़ा किया गया है। बृहस्पतिवार को बसों का उनके निर्धारित रूटों पर संचालन शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि नूंह जिले में जब स्थिति सामान्य हो जाएगी, तब नूंह डिपो से ही रूटों पर तय समय के अनुसार चलाया जाएगा।