गुरुग्राम। नागरिक अस्पताल स्थित महिला क्लीनिक में महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। क्लीनिक में प्रतिदिन करीब 100 से 150 महिलाएं इलाज और स्वास्थ्य जांच के लिए पहुंच रही हैं। यहां महिलाओं की सामान्य बीमारियों के साथ-साथ गंभीर रोगों की भी समय रहते पहचान के लिए स्क्रीनिंग की जा रही है। महिला क्लीनिक में अप्रैल से अब तक 22 हजार से अधिक महिलाओं की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। संदिग्ध मामलों को आगे की जांच और उपचार के लिए संबंधित विशेषज्ञ विभाग में रेफर किया जाता है, ताकि समय पर इलाज शुरू हो सके। स्वास्थ्य विभाग की एसएनएसपी की नोडल अधिकारी डाॅ. सुशीला ने बताया कि महिलाओं से अपील की है कि वे किसी भी स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज न करें और नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराएं। समय पर स्क्रीनिंग और उपचार से गंभीर बीमारियों का जोखिम काफी हद तक कम किया जा सकता है।