गुरुग्राम। सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल का कैंसर डे केयर मरीजों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है। यहां पिछले सात महीनों में 100 से अधिक कैंसर मरीजों का कीमोथेरेपी से उपचार किया गया। इनमें अधिकतर महिलाएं हैं, जो ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर से पीड़ित हैं। अधिकांश मरीज तीसरे व चौथे स्टेज के हैं। स्वास्थ्य विभाग सभी कैंसर मरीजों को निशुल्क दवाएं और उपचार दे रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को काफी मदद मिल रही है। पहले मरीजों को दिल्ली या निजी अस्पतालों में थेरेपी लेनी पड़ती थी। इससे उन पर आर्थिक बोझ पड़ता था। कैंसर डे-केयर सेंटर की इंचार्ज डॉ. सुमेधा के अनुसार, अप्रैल से अब तक 100 मरीजों का उपचार किया गया है। स्वास्थ्य विभाग लोगों को असामान्य गांठ या दर्द होने पर तुरंत जांच कराने के लिए जागरूक कर रहा है। संवाद