जोमेटो में रजिस्ट्रेशन के नाम पर 1.27 लाख की धोखाधड़ी
गुरुग्राम। रेस्तरां संचालक को जोमेटो में रजिस्ट्रेशन करना महंगा पड़ गया। जोमेटो कर्मचारी बनकर जालसाज ने रजिस्ट्रेशन के नाम पर बैंक खाते से 1.27 लाख रुपये निकाल लिए। ठगी का अहसास होने पर संचालक ने पुलिस में शिकायत की। पांच माह तक जांच के बाद साइबर थाना पुलिस ने बुधवार शाम को अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुंडू ने बताया कि बैंक डिटेल के आधार पर आरोपी की पहचान की कोशिश की जा रही है। मियांवाली कॉलोनी निवासी सतेंद्र यादव ने न्यू रेलवे रोड पर रेस्तरां शुरू किया था। खाने की ऑनलाइन डिलीवरी के लिए उन्होंने 13 नवंबर को गूगल के माध्यम से जोमेटो कस्टमर केयर का नंबर निकाला। संचालक के फोन करने पर एक युवक ने फोन उठाया। उसने जोमेटो से जुड़ने की प्रक्रिया बताई। आरोपी ने रेस्टोरेंट संचालक के मोबाइल पर लिंक भेजा। लिंक को क्लिक करने के बाद प्रक्रिया के तहत यूपीआई से एचडीएफसी के खाते से 10 रुपये का ट्रांजेक्शन किया ही था कि उनके खाते से चार बार में 1.27 लाख रुपये निकल गए। पीड़ित ने दोबारा उस नंबर पर फोन किया तो आरोपी ने मोबाइल बंद कर लिया। ब्यूरो