विदेश की तर्ज पर दिल्ली में पर्यटकों के लिए गाइडेड हेरिटेज टूर सेवा शुरू की गई है। भ्रमण के दौरान पर्यटक दिल्ली-6 के मशहूर व्यंजनों का स्वाद भी ले सकेंगे। दिल्ली नगर निगम ने युलु बाइक्स कंपनी के साथ गाइडेड हेरिटेज टूर की शुरुआत की है।
पहले चरण में शाहजहानाबाद के ऐतिहासिक धरोहर स्थलों का भ्रमण करवाया जाएगा। एमसीडी ने दिल्ली भर में ऐसे करीब छह और गाइडेड हेरिटेज टूर कराने की योजना बनाई है। इसमें दक्षिणी दिल्ली में स्थित ऐतिहासिक धरोहर स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
निगम ने पब्लिक साइकिल शेयरिंग और शेयर्ड माइक्रो मोबिलिटी सिस्टम नीति के तहत युलु बाइक्स के सार्वजनिक बाइक स्टैंड पर गाइडेड टूर कराने की अनुमति दी है। रविवार को शाहजहांनाबाद के ऐतिहासिक गेट की यात्रा का शुभारंभ किया गया। निगम के अतिरिक्त आयुक्त एए ताजीर ने विरासत यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर युलु ई-बाइक के संस्थापक आरके मिश्रा, केशव पुरम जोन के उपायुक्त नवीन अग्रवाल और आरपी सेल के अतिरिक्त उपायुक्त अमित भारद्वाज मौजूद थे।
जी-20 शिखर सम्मेलन सेे पहले नई पहल
अतिरिक्त आयुक्त अमित भारद्वाज ने बताया कि जी-20 शिखर सम्मेलन को ध्यान में रखते हुए दिल्ली में गाइडेड हेरिटेज टूर की शुरुआत की है। विदेश में इस तरह की सेवा बहुत पहले से चल रही है। उन्होंने बताया कि इसके लिए 700 रुपये की फीस तय की गई है। इसमें टूर शुरू होने से पहले पर्यटकों को नाश्ता मिलेेगा। यह हेरिटेज टूर कश्मीरी गेट से शुरू होकर शाहजहानाबाद के सभी 7 गेटों से होते हुए करीब तीन घंटे में दिल्ली गेट पर समाप्त होगा।