पूर्वी दिल्ली। गुरु तेग बहादुर अस्पताल (जीटीबी) की हादसा एवं आपातकालीन सेवाएं मंगलवार सुबह नौ बजे से ताहिरपुर स्थित राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल (आरजीएसएसएच) में शुरू हो गईं। जीटीबी की पुरानी इमरजेंसी बिल्डिंग के नवीनीकरण के चलते यह व्यवस्था की गई है। मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल में सूचना बोर्ड और पोस्टर लगाए गए हैं। अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि आरजीएसएसएच की इमरजेंसी में जीटीबी के डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ सेवाएं देंगे। स्त्री एवं प्रसूति रोग और बाल रोग की आपातकालीन सेवाएं फिलहाल जीटीबी परिसर में ही चलेंगी। गंभीर मरीज यदि पुरानी इमरजेंसी पहुंचते हैं तो उन्हें एंबुलेंस से आरजीएसएसएच भेजा जाएगा। ब्यूरो