-बर्न वार्ड के 40 बेड के अलावा इमरजेंसी में 25 अतिरिक्त बेड का इंतजाम, 20 डॉक्टर रहेंगे उपलब्ध
-पटाखों से आंख, चेहरे या शरीर झुलसने पर मिलेगा तुरंत इलाज, प्लास्टिक सर्जरी समेत कई विभागों की टीमें अलर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। दिवाली पर पटाखे जलाते समय होने वाले हादसों को देखते हुए गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल प्रशासन ने घायलों के इलाज के लिए कमर कस ली है। पटाखों से हाथ, चेहरे और आंखों में चोट लगने या शरीर झुलसने की स्थिति में मरीजों को तत्काल इलाज मिल सके, इसके लिए अस्पताल में विशेष इंतजाम किए गए हैं। अस्पताल के बर्न वार्ड में पहले से ही 40 बेड उपलब्ध हैं, जबकि किसी बड़ी आपात स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी में 20 से 25 अतिरिक्त बेड भी तैयार रखे गए हैं। इस तरह जरूरत पड़ने पर कुल 65 मरीजों को भर्ती करने की व्यवस्था है। जीटीबी अस्पताल के अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि अस्पताल में हर साल बर्न से जुड़े करीब 150 से 200 मामले आते हैं। इनमें ज्यादातर मरीज इमरजेंसी में पहुंचते हैं। सामान्य और छोटे मामलों का इलाज नियमित मेडिकल टीम करती है, जबकि गंभीर मरीजों के उपचार के लिए प्लास्टिक सर्जरी विभाग की विशेष टीम तैयार रहती है। अस्पताल ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी पहले से ही तय कर रखी है।