दिल्ली की आबोहवा खराब होने के बाद भी सरकारी एजेंसियां ही राजधानी में कई जगहों पर हवाओं का जहरीला बना रही हैं। एमसीडी, एनडीएमसी, पीडब्ल्यूडी सरीखी जिन एजेंसियों पर प्रदूषण रोकने के नियम लागू कराने की जिम्मेदारी है, उनके कामकाज में ही धूल-धुआं रोकने के नियम-कायदों की अनदेखी आम है।
फिर वह दिल्ली को चलाने वाली एमसीडी मुख्यालय सिविक सेंटर से गुजरती सड़क हो, तुर्कमान गेट, दिल्ली गेट, फिरोजशाह रोड और शिव विहार सरकारी कामों में ही धूल और मलबे को नियंत्रित करने के इंतजाम नदारद दिखे। अमर उजाला की बुधवार ग्राउंड रिपोर्ट में दिखा कि कहीं सड़क खोदकर छोड़ दी गई है, कहीं फुटपाथ पर निर्माण सामग्री बिखरी है तो कहीं खुले में सीमेंट और मिट्टी का इस्तेमाल हो रहा है।
सिविक सेंटर: चार महीने से खुदाई, मलबा हटाने का इंतजार
सिविक सेंटर के सामने टैगोर रोड पर करीब चार महीने पहले निर्माण कार्य शुरू हुआ था। लेकिन मौके पर सड़क की हालत देखकर काम की रफ्तार और उसके प्रबंधन, दोनों पर सवाल उठ रहे हैं। सड़क टूटी है, जगह-जगह गड्ढे हैं और निर्माण से निकला मलबा अब तक पड़ा हुआ है।
दरियागंज: फुटपाथ पर निर्माण, किनारे खुले में बालू-मलबा
फुटपाथ पर टाइल लग रहा है। सड़क के किनारे बालू और मलबा खुले में पड़ा दिखा। पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए बने फुटपाथ पर मलबा बिखरा हुआ है। लोगों का सवाल है कि सामग्री को ढककर रखने, निर्माण क्षेत्र को व्यवस्थित रखने और मलबे को समय पर हटाने के इंतजाम कहां हैं?
दिल्ली गेट: धड़ल्ले से चलती रही खुदाई, दोनों तरफ फैला मलबा
दिल्ली गेट पर चौराहे के पास खुदाई का काम जारी दिखा। वहां पत्थर लगाए जा रहे थे और काम के दोनों तरफ मलबा फैला हुआ दिखाई दिया। व्यस्त सड़क और चौराहे के आसपास इस तरह की स्थिति यातायात और पैदल चलने वालों की परेशानी बढ़ा सकती है। इसके साथ ही निर्माण सामग्री और मलबे को व्यवस्थित रखने की जरूरत भी सामने आती है।
फिरोजशाह रोड: खुले में गिराई मिट्टी, उड़ती रही धूल
फिरोजशाह रोड पर मुख्य सड़क के किनारे एक ट्रक से मिट्टी गिराई गई। कुछ घंटों बाद इसी मिट्टी को उठाकर निर्माण कार्य में इस्तेमाल किया गया। यानी मिट्टी को कुछ समय के लिए खुले में सड़क किनारे छोड़ दिया गया। यही नहीं, मिट्टी लाने, उतारने, रखने और इस्तेमाल करने का तरीका भी प्रदूषण नियंत्रण का इंतजाम नहीं था। इस दौरान धूल उड़कर आबोहवा को दमघोटू बनाती रही।
शिव विहार: खुले में जलता दिखा कचरा, हवाओं में भरा धुआं
पूर्वी दिल्ली के शिव विहार तिराहे पर हनुमान मंदिर के पीछे कबाड़ा जलाने का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। यहां खुले में कबाड़ा और कचरे में आग लगाए जाने से काले धुएं का गुबार उठता नजर आ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अमूमन यहां ऐसा होता है। इसकी शिकायत के बावजूद इस पर रोक लगाने के इंतजाम नहीं किए गए हैं।