अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पंचायत संघ ने राजधानी के गांवों में बढ़ते पार्किंग संकट को लेकर सरकार से ठोस नीति बनाने की मांग की है। संघ की ओर से आयोजित पंच प्रमुखों की बैठक में कहा गया कि तेजी से हो रहे शहरीकरण और वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण गांवों में पार्किंग की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है, जिससे आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है। संघ प्रमुख थान सिंह यादव ने बताया कि अधिकांश गांवों की गलियां संकरी हैं और वहां पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं है। इससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से प्रत्येक गांव में व्यवस्थित पार्किंग स्थल विकसित करने की मांग की। बैठक में अधिवक्ता यमन यादव ने आरोप लगाया कि कई जगहों पर मुख्य मार्गों पर अवैध पार्किंग बढ़ रही है, जिसका एक कारण डीडीए कॉलोनियों के मार्गों का व्यावसायिक उपयोग भी है। संघ ने मांग की कि ग्राम सभा की भूमि का उपयोग पार्किंग के लिए किया जाए, मुख्य मार्गों को चरणबद्ध तरीके से चौड़ा किया जाए और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। सह-प्रमुख सुनील शर्मा ने इसे गंभीर समस्या बताते हुए त्वरित समाधान की जरूरत जताई।