दिल्ली के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले छात्र आस्तिक नारायण ने जेईई मेंस में सौ पर्सेन्टाइल प्राप्त किए हैं। इस उपलब्धि पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने आवास पर छात्र से मुलाकात की। केजरीवाल ने छात्र को बीकमिंग बाबा साहब अंबेडकर किताब भी भेंट की। आस्तिक नारायण दिल्ली सरकार के ईस्ट दिल्ली स्थित राधेश्याम पार्क के सर्वोदय बाल विद्यालय का छात्र है।
केजरीवाल ने कहा कि छात्र की इस सफलता ने उनके माता-पिता के साथ ही दिल्ली सरकार को भी गौरवान्वित किया है। उन्होंने आस्तिक नारायण को उनकी सफलता के लिए बधाई व भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आस्तिक अफसर बनकर देश की सेवा करना चाहते हैं। बच्चों की इस लगन और कामयाबी पर गर्व होता है। यही तो बाबा साहब और सरदार भगत सिंह का सपना था।
सोमवार को आस्तिक नारायण अपने छोटे भाई और माता-पिता के साथ अरविंद केजरीवाल से मिलने के लिए उनके आवास पर पहुंचे थे। इस दौरान शिक्षा मंत्री आतिशी, शिक्षा निदेशक हिमांशु गुप्ता के अलावा आस्तिक नारायण के स्कूल के प्रिंसिपल और भौतिकी विषय के शिक्षक भी मौजूद थे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार के स्कूलों में टीचर बहुत अच्छा काम कर रहे हैं और वे हर बच्चे को अच्छे से पढ़ाने में दिलचस्पी दिखाते हैं। छात्र के साथ बातचीत में मुख्यमंत्री ने जाना कि कैसे आस्तिक नारायण ने जेईई मेंस की तैयारी की और भविष्य में क्या करना चाहते हैं। आस्तिक ने उन्हें बताया कि वो आईआईटी में कंप्यूटर साइंस लेंगे।
इस मौके पर आस्तिक के माता-पिता ने बताया कि उनके बेटे को शिक्षकों, प्रिंसिपल से हमेशा सहयोग मिला। माता-पिता ने सीएम को उनकी पढ़ाई और तैयारी के बारे में भी बताया। आस्तिक इतना मेधावी छात्र हैं कि जब वो 10 वीं की पढ़ाई कर रहे थे तब उन्हें 12 वीं के कोर्स की पूरी जानकारी थी। माता-पिता ने बताया कि आस्तिक ने पढ़ाई पर हमेशा ध्यान दिया और शुरू से ही उनकी हर विषय पर अच्छी पकड़ थी।